Portugal Election: पुर्तगाल में रविवार को हुए चुनाव में एक और अल्पमत सरकार बनने की संभावना है। हालांकि एग्जिट पोल से यह संकेत मिला है कि देश में राजनीतिक स्थिति और ज्यादा विभाजित हो गई है, जिससे आव्रजन, आवास और जीवन यापन के खर्च जैसे मुद्दों पर एकजुटता बनाना मुश्किल हो रहा है। एग्जिट पोल के अनुसार, केंद्र-दक्षिणपंथी डेमोक्रेटिक अलायंस को 29% से 34% वोट मिल सकते हैं। जबकि केंद्र-लेफ्ट सोशलिस्ट पार्टी को 21% से 26% वोट मिलने की संभावना जताई जा रही है और हार्ड-राइट पॉपुलिस्ट पार्टी चेगा को 20% से 24% वोट मिल सकते हैं।
बता दें कि डेमोक्रेटिक अलायंस को 230 सदस्यीय पुर्तगाली संसद में बहुमत के लिए 116 सीटें चाहिए, लेकिन एग्जिट पोल के अनुसार, उन्हें 85 से 96 सीटें मिलने का अनुमान है। वे अल्पमत सरकार बना सकते हैं या छोटे दलों के साथ गठबंधन कर बहुमत हासिल कर सकते हैं।
इस चुनाव में छह साल पहले एक सीट जीतने वाली चेगा पार्टी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पिछले साल के मुकाबले इस बार इसे 11 सीटों का और फायदा हो सकता है। यह पार्टी सख्त आव्रजन (इमिग्रेशन) कानूनों की मांग और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने रुख के लिए जानी जाती है। हालांकि, खुद चेगा के दो सांसद हाल ही में घोटालों में फंस चुके हैं, एक पर सूटकेस चुराकर सामान ऑनलाइन बेचने का आरोप है, और दूसरे पर मृत महिला की फर्जी साइन करने का।
मतदाताओं की नाराजगी
मतदाताओं की नाराज़गी लोगों में परंपरागत पार्टियों को लेकर गहरा असंतोष है। एक टीचर इसाबेल मोंतेइरो ने कहा, “इस चुनाव प्रचार में पुर्तगाल की असली समस्याओं पर बात ही नहीं हुई। सब कुछ मज़ाक जैसा लगा। एक बुजुर्ग वोटर अलेक्ज़ांड्रे कार्डोसो ने कहा, “हम ऐसे नेताओं की तलाश में हैं जिनमें ईमानदारी हो। आज की राजनीति देखकर बच्चों और पोतों की चिंता होती है।
इस चुनाव में कुल मिलाकर आव्रजन और आवास का मुद्दा सबसे बड़ा रहा है। आव्रजन (इमिग्रेशन) 2018 में जहां आधा मिलियन कानूनी अप्रवासी थे, वहीं अब यह संख्या 15 लाख पार कर चुकी है। साथ ही करीब 18,000 अवैध अप्रवासियों को चुनाव से ठीक पहले देश से निकालने का आदेश भी दिया गया। वहीं बात अगर आवास संकट की करें तो लिस्बन और आसपास के क्षेत्रों में घरों की कीमतें और किराए तेजी से बढ़े हैं। पिछले साल घरों की कीमतों में 9% और किरायों में 7% की बढ़ोतरी हुई।