Bomb Threat To RBI: दिल्ली में स्कूलों के बाद अब मुबंई स्थित रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी गुरुवार को रूसी भाषा में RBI की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल के माध्यम से दी गई। हालांकि, धमकी मिलते ही इसकी शिकायत माता रमाबाई मार्ग पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ कराई गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। बता दें, शुक्रवार को अहले सुबह दिल्ली के कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
गौरतलब है कि देश के कई राज्यों में स्कूलों, एयरपोर्ट सहित कई अन्य धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। साथ ही पिछले दिनों कई यात्री हवाई जहाजों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जिससे हवाई कंपनियों के साथ ही यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। हालांकि, सभी धमकियां फर्जी ही निकली थी। बता दें, उन धमकियों को लेकर पुलिस और केंद्रिय जांच एजेंसी लगातार जांच में जुटी है। इन मामलों में कई संदिग्धों को भी गिरफ्ताल किया गया है।
पिछले महीने भी मिली थी RBI को धमकी
बता दें, यह पहली बार नहीं है जब RBI को धमकी मिली है। पिछले महीने भी RBI को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी कस्टमर केयर नबंर पर कॉल करके दी गई थी। धमकी देने वाले ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा का सीईओ बताया था। हालांकि, यह धमकी सिर्फ भ्रम और दहशत फैलाने के लिए दी गई थी।
दिल्ली में स्कूलों को मिली धमकी
शुक्रवार अहले सुबह राजधानी दिल्ली के 6 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिसके बाद परिजनों और पुलिस महकमें में अफरातफरी मच गई। धमकी मिलने के बाद सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। साथ ही पुलिस जांच में जुट गई है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।