महाराष्ट्र :महाराष्ट्र के नागपुर में बैंक में लूट का मामला सामने आया है। यहां एक 28 साल के युवक ने कर्मचारियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर उनसे 4.53 लाख रुपए लेकर भाग गया।
इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने उसका पीछा किया। पुलिस की मदद से उसे करीब एक किमी दूर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपए की रकम बरामद कर ली है।
घटना नागपुर के भांडे प्लॉट इलाके में गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हुई। बैंक कर्मचारी ATM से कैश लेकर SBI ब्रांच लौट रहे थे। पूरी घटना बैंक के CCTV में रिकॉर्ड हो गई है। इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है।
कैश लेकर भाग रहे आरोपी को देखकर बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। इसी दौरान गश्त कर रहे बीट मार्शल और पुलिसकर्मियों ने भी आरोपी को भागते देखा और उसके पीछे दौड़ पड़े। बैंक कर्मचारियों और पुलिस की मदद से आरोपी को करीब 30 मिनट के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी B.Sc. ग्रेजुएट, फिलहाल Unemployed
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 साल के सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है। वह नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील के तातोली गांव का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, सूरज B.Sc. ग्रेजुएट है और फिलहाल बेरोजगार है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि नौकरी नहीं मिलने और आर्थिक परेशानी के चलते उसने लूट की होगी।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में पता लगाया जा रहा है कि उसने अकेले वारदात की या कोई और भी शामिल था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसे कैश की जानकारी कैसे मिली।

