Bangladesh Elections 2025: बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद, देश और पूरी दुनिया की नजरें आगामी संसदीय चुनावों पर टिकी हैं। सोमवार को, बांग्लादेश के अंतरिम नेता मोहम्मद यूनुस ने एक टेलीविजन संबोधन में बताया कि बांग्लादेश 2025के अंत तक या 2026की पहली छमाही में संसदीय चुनाव करवा सकता है।
यूनुस ने चुनाव की योजना के बारे में बताते हुए कहा कि चुनाव की तारीख चुनाव सुधार आयोग की सिफारिशों पर आधारित होगी। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव 2025के अंत तक कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनती है, तो न्यूनतम सुधारों और सही मतदाता सूची के साथ चुनाव 2025के अंत तक हो सकते हैं।
‘चुनाव सुधारों के लिए पर्याप्त समय चाहिए’
यूनुस ने चुनाव आयोग से यह अपील की है कि उसे चुनाव सुधारों को लागू करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर मतदाता सूची समय पर तैयार हो जाती है, तो चुनाव 2025के अंत तक संभव हो सकते हैं। हालांकि, यदि चुनाव में व्यापक सुधारों की जरूरत होती है, तो चुनाव 2026की पहली छमाही तक हो सकते हैं।
मतदाता सूची का सत्यापन चुनौतीपूर्ण
यूनुस ने यह भी बताया कि इस बार चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करना अधिक चुनौतीपूर्ण होगा। पिछले तीन चुनावों में कई मतदाता शामिल नहीं हुए थे और पिछले 15सालों से मतदाता सूची का सत्यापन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में सुधार के लिए समय पर सही मतदाता सूची का तैयार होना जरूरी है।शेख हसीना विरोधी दलों का मानना है कि चुनावों में धांधली होती रही है। उनका आरोप है कि जब तक चुनाव निष्पक्ष नहीं होंगे, वे चुनावों में भाग नहीं लेंगे।