Maharashtra : महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब पीने से कम से कम 13 लोगों की मौत होने की दर्दनाक घटना सामने आई है। यह मामला पुणे के हडपसर इलाके का है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके के चार का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।पिंपरी-चिंचवड पुलिस ने योगेश वानखेड़े नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है, जिसे पहले पुणे राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने हिरासत में लिया था। आरोप है कि उसी ने दोनों स्थानों पर शराब की आपूर्ति की थी। पुणे पुलिस अधिकारियों के अनुसार आगे की जांच जारी है।
पुणे से पांच मौतों की सूचना मिली है, जिनमें से तीन काले पाडल में और दो हडपसर में हुई हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि ये मौतें नकली शराब पीने से हुई हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मौतों का असली कारण फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। जांचकर्ताओं ने बताया कि पीड़ितों की ओर से बताए गए लक्षणों में समानताएं थीं। उन्होंने आगे कहा कि कई लोगों ने चक्कर आना, बेहोश होने से पहले बेचैनी, मुंह से झाग निकलना, सांस लेने में कठिनाई और हृदय गति में अचानक गिरावट की शिकायत की। पुलिस ने बताया कि कम से कम एक मृतक के शरीर में शराब पाई गई है। अधिकारियों ने चिकित्सा रिपोर्ट आने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से मना किया है।

