नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। वह अपने काफिले के साथ अपने आवास जा रहे हैं। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी मौजूद हैं। केजरीवाल को प्रचार के लिए जमानत मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि कल सुबह 11 बजे हम कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे। उसके बाद दोपहर 1 बजे पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें देश से तानाशाही को खत्म करेंगे।
देश में लाखों लोग कर रहे थे केजरीवाल का इंतजार
दिल्ली के मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सिर्फ पार्टी कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि देश के लाखों लोग अरविंद केजरीवाल की रिहाई का इंतजार कर रहे थे। अरविंद केजरीवाल की रिहाई पूरे भारत गठबंधन के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।
केजरीवाल को गिरफ्तारी भाजपा के लिए घाटे का सौदा
उन्होंने कहा कि पहली गलती भाजपा से हो गई कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। यह चुनाव में भाजपा के लिए घाटे का सौदा साबित हुआ। वह गिरफ्तारी के बाद से हमारे देश की कहानी में बने रहने में कामयाब रहे। उन्हें चुनाव में प्रचार के लिए जमानत दे दी गई है।
यह लोकतंत्र और संविधान की जीत- आप
दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा कि यह सिर्फ आप के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। बीजेपी ने तानाशाही देश बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। SC के फैसले से लोगों में उम्मीद जगी है कि इस तानाशाही का अंत होगा। यह लोकतंत्र और संविधान की जीत है।