अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई पर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर निशाना साधा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, “मुझे लगता है कि इस बार ट्रम्प और इजराइल ने हद से ज्यादा कदम उठा लिया है। अगर उन्हें इस तरह की हिम्मत दिखाने और इराक की तरह ईरान के साथ भी ऐसा करने की छूट मिल जाती है, तो चीन की दुनिया में पूरी साख खत्म हो जाएगी।”
उन्होंने आगे लिखा, “नेतन्याहू और ट्रम्प ने, बाकी दबंग नेताओं की तरह, हालात को इतना आगे बढ़ा दिया है कि दूसरों के पास मजबूरी में कड़ा और साफ फैसला लेने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।”
खामेनेई की मौत पर एलनाज नौरोजी ने खुशी जताई
जावेद अख्तर के अलावा एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी ने भी US-ईरान तनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी। खामेनेई की मौत की खबर पर वेब सीरीज सेक्रेड गेम्स में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी ने खुशी जताई।
एलनाज नौरोजी ने शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “47 साल से जिस खबर का इंतजार कर रहे थे, वो आ गई। खामेनेई मर गया है। भगवान सबसे बड़ा है।”
एलनाज ने एक अन्य स्टोरी में अली खामेनेई की मौत से जुड़ी खबर शेयर करते हुए थैंक्यू लिखा और खुशी वाले इमोजी भी पोस्ट किए।
एलनाज महिलाओं के अधिकारों को लेकर मुखर रहीं
एलनाज नौरोजी ने ईरान में महिलाओं के अधिकारों पर खुलकर बात की है। अक्टूबर 2022 में उन्होंने ईरान की तथाकथित ‘मॉरालिटी पुलिस’ के खिलाफ एक प्रतीकात्मक और विवादास्पद विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे बुर्के से लेकर कई परतों वाले कपड़े उतारती नजर आईं। इस कदम के जरिए उन्होंने यह संदेश दिया कि किसी महिला को क्या पहनना है, इसका फैसला वही स्वयं करे।
सितंबर 2022 में 22 साल की महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में हुई मृत्यु के बाद जब ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुए, तब एलनाज ने खुलकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा था कि जो महसा के साथ हुआ, वह किसी भी महिला के साथ हो सकता है।
सैक्रेड गेम्स से मिली पहचान
एलनाज को पहचान नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज सैक्रेड गेम्स से मिली, जिसमें उन्होंने जोया का किरदार निभाया था। इसके अलावा उन्होंने हॉलीवुड फिल्म कंधार में जेरार्ड बटलर के साथ काम किया।

