पटना: बिहार में समृद्धि यात्रा कर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर जिले में जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों को बता रहे हैं कि उनकी भलाई के लिए राज्य सरकार ने क्या काम किए हैं और आगे क्या करने वाली है। वे हर जनसभा में सरकारी योजनाओं का सारा ब्यौरा दे रहे हैं। हालांकि इन कार्यक्रमों के बीच किसी का उठकर चले जाना उन्हें अच्छा नहीं लगता। वे जनसंवाद में मंच के सामने मौजूद समुदाय पर नजर रखते हैं। जैसे ही कोई सभा छोड़कर जाने की कोशिश करे तो वे हंसते हुए टोकते हैं और जाने वाले को रोक लेते हैं। बुधवार को जमुई के जनसंवाद कार्यक्रम में भी उन्होंने सभा से उठकर जाती महिलाओं को रोक लिया।
नीतीश ने बताया- कैसे बन रहा जीवन आसान
नीतीश कुमार जमुई में जनसंवाद के दौरान बिहार सरकार की उपलब्धियों, जनता के लिए चलाई जा रही योजनाओं, विकास परियोजनाओं के साथ-साथ आम लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बता रहे थे। वे कह रहे थे कि बिहार के किसी भी स्थान से पटना अधिकतम छह घंटे में पहुंचने के लिए सड़कों का निर्माण और पुरानी सड़कों को उन्नत किया गया है। वे राज्य में कृषि के क्षेत्र में हुई उन्नति का भी जिक्र कर रहे थे।नीतीश जब तन्मयता से सरकार के कामकाज के बारे में बता रहे थे, तभी उनकी नजर मंच के सामने मौजूद लोगों में शामिल उन महिलाओं पर पड़ी जो उठकर जनसभा से जाने की कोशिश कर रही थीं। उन्हें देखते ही नीतीश कुमार ने अपना भाषण रोक दिया और उन महिलाओं को जाने से रोका।
नीतीश ने महिलाओं को स्नेह के साथ रोका
नीतीश कुमार ने महिलाओं से कहा- ”कहां जा रही हो सब, तुम्हारे लिए ही तो सरकार इतना कर रही, काहे भाग रही हो महिला तुम लोग, अरे तुम्ही लोगों के लिए न सब काम हो रहा है। सब रहो यहां, अभी तुम लोग के लिए और काम करेंगे। इसलिए यहीं रहो, सब यहीं रहो। हमको बड़ा अच्छा लग रहा था कि तुम लोग यहां थे। अब हम बोल रहे हैं तो भाग जाओगी। यहीं रहो सब।”
नीतीश कुमार महिलाओं को रोकते हुए मुस्करा रहे थे। वे उन्हें यह समझाने की कोशिश कर रहे थे कि सरकार ने उनके कल्याण के लिए ही बहुत सारे ऐसे काम किए हैं, जिनके बारे में उन्हें जानना चाहिए। उन्हें यह भी जानना चाहिए कि भविष्य में उनके लिए सरकार और क्या कुछ करने वाली है।

