New Delhi : महान गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में रविवार, 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में निधन हो गया। आशा ताई ने 7 दशकों से भी ज्यादा समय तक अपनी आवाज से बॉलीवुड पर राज किया।
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख जताया है और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा कि यह एक पूरे युग का अंत है। उन्होंने आशा भोसले को अद्भुत, असाधारण और महान शख्सियत बताया और कहा कि उनका जाना बेहद दुखद है।
अमिताभ बच्चन ने कहा कि आशा भोसले ने हर गाने में अपनी आवाज से जान डाल दी। उनकी आवाज ने संगीत को एक नई पहचान दी और वे अपने पीछे अमर संगीत की एक पूरी विरासत छोड़ गई हैं। उन्होंने आगे लिखा कि भले ही उनका शरीर हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनकी आत्मा और उनकी आवाज़ हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगी।
सचिन तेंदुलकर ने दी श्रद्धांजलि
क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली तेंदुलकर के साथ मुंबई में दिग्गज गायिका आशा भोसले के घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सचिन काफी भावुक नजर आए।
वहीं, बॉलीवुड एक्ट्रेस तब्बू भी आशा भोसले के घर पहुंचीं। वह भी काफी इमोशनल दिखीं। इस बीच आशा भोसले की पोती जनाई भोसले तब्बू को गले लगाकर रोईं।

