Bengaluru : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने राज्य की 18 ऐसी परियोजनाओं का जिक्र किया है जो लंबे समय से अटकी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने इन कामों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार से तुरंत कदम उठाने की मांग की है।
इन परियोजनाओं का हुआ जिक्र
प्रधानमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का जिक्र किया, उनमें कोलार में रेलवे कोच फैक्ट्री, मैसूरु तक हाई-स्पीड रेल का विस्तार और बंगलूरू-मुंबई हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल हैं। उन्होंने बंगलूरू उपनगरीय रेल के लिए फंड जारी करने की भी मांग की।
फंड के मामले पर भी रखा बात
फंड के मामले में मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार पर कर्नाटक का काफी पैसा बकाया है। उन्होंने कहा कि बंगलूरू के लिए 6,000 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान और 15वें वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार 5,495 करोड़ रुपये का अनुदान अभी तक नहीं मिला है।
स्वास्थ्य और आरक्षण के मुद्दे पर भी रखी मांग
स्वास्थ्य और आरक्षण के मुद्दे पर सिद्धारमैया ने रायचूर में एम्स (AIIMS) की स्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे पिछड़े क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी। साथ ही उन्होंने कर्नाटक की 56 प्रतिशत आरक्षण नीति को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने और कुछ जातियों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री इन विषयों पर जल्द फैसला लेंगे।

