नई दिल्ली : पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के नतीजों में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले हैं। ताजा परिणामों के अनुसार, थट्टांचावडी, एम्बालम और मन्नादीपेट सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की गई है। थट्टांचावडी विधानसभा सीट (नंबर 9) पर मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी ने शानदार जीत हासिल की है। ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के उम्मीदवार रंगासामी को 10,024 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ई. विनायगम (नेयम मक्कल कझगम) को 5,583 वोट मिले। इस तरह रंगासामी ने 4,441 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
पुदुचेरी में सरकार बनाने के लिए 16 सीटों की जरूरत
सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को कम से कम 16 सीटों का बहुमत हासिल करना जरूरी होता है। इसके अलावा यहां 3 सीटें उपराज्यपाल द्वारा मनोनीत की जाती हैं, जो सरकार के गठन में अहम भूमिका निभा सकती हैं। अब तक के रुझानों में एआईएनआरसी 5 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि इसकी सहयोगी पार्टी भाजपा 1 सीट पर आगे है। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार लीड कर रहे हैं।

