नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इटली की पीएम मेलोनी के दिए कैंडी उपहार को लेकर हमला बोला है। उन्होंने इस कृत्य को नेतृत्व नहीं, बल्कि एक नौटंकी करार दिया है। राहुल गांधी का यह बयान इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा मोदी को मेलोडी टॉफी का पैकेट देते हुए एक वीडियो पोस्ट करने के बाद आया है।
वीडियो हुआ वायरल
इससे पहले इतालवी पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 12 सेकंड की वीडियो क्लिप साझा की थी। जिसमें वो भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ दिख रही हैं। इस क्लिप में वो कह रही हैं, “प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। ये टॉफियां हैं जो बहुत स्वादिष्ट हैं।” इसके बाद उनकी दाईं तरफ खड़े पीएम मोदी टॉफी का पैकेट उठाते हैं जिस पर लिखा है ‘मेलोडी’।’गिफ्ट’ को कैमरे की तरफ दिखाने के बाद दोनों खिल खिलाकर हंस देते हैं।इससे पहले पीएम मोदी इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी की ओर से आयोजित डिनर में भी शामिल हुए। उन्होंने इस डिनर की तस्वीरें भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं। पीएम मोदी ने कहा कि वह मेलोनी के साथ बातचीत का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें दोनों देश भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

