चेन्नेई/नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। दिल्ली में थलपति विजय की ग्रैंड एंट्री हुई। वो रेंज रोवर गाड़ी से तमिलनाडु हाउस पहुंचे। इस दौरान वो सफेद कमीज और काले कोट-पेंट में नजर आए। तमिलनाडु हाउस के अधिकारियों ने उन्हें फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया। बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक दिल्ली यात्रा है। इस यात्रा के दौरान वो पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी से मिलने से पहले एक डिमांड लिस्ट तैयार की है। पीएम मोदी के सामने वो तमिलनाडु के विकास से जुड़ी कुछ विशेष मांगे रख सकते हैं।
पीएम के सामने रख सकते हैं ये मांगे
मुख्यमंत्री से उम्मीद की जा रही है कि वह तमिलनाडु के विकास के लिए केंद्र सरकार से ज्यादा मदद मांगेंगे। इसमें बुनियादी ढांचे के विस्तार, पेंडिंग फंड जारी करने, औद्योगिक विकास योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों और बड़ी कनेक्टिविटी परियोजनाओं के लिए समर्थन की मांग शामिल हो सकती है। इस दौरे का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि यह विजय और उनकी पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) के शानदार चुनावी प्रदर्शन के कुछ ही हफ्तों बाद हो रहा है। इसे तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

