विभु मिश्रा, गाजियाबाद। बकरीद के दिन गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में सूर्या चौहान की हत्या करने वाले असद का एनकाउंटर हो चुका है। अब प्रशासन ने एक और कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि खोड़ा के नवनीत विहार में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर एक इमारत बनाई गई है। इसी इमारत में असद अपने माता-पिता के साथ किराए पर रहता था। प्रशासन ने नोटिस जारी कर बिल्डिंग मालिक को 15 दिन में जमीन को खाली करने का अल्टीमेटम जारी कर नोटिस चस्पा कर दिया है।
असद का एनकाउंटर होने के बाद रविवार को नायब तहसीलदार गाजियाबाद एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकरपुर की टीम मौके पर पहुंची। ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर से मुनादी कराने के बाद टीम ने बिल्डिंग मालिक के नाम पर नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस के अनुसार, ग्राम खोड़ा के खसरा संख्या 70 की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से यह निर्माण किया गया है। राजस्व रिकॉर्ड में यह जमीन 5-3 भूमि के तौर पर दर्ज है।
15 दिन के भीतर अवैध निर्माण हटाने का निर्देश
उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2002 की धारा 136 के तहत जारी नोटिस में बिल्डिंग मालिक को 15 दिन के भीतर अवैध निर्माण हटाने और इमारत खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय में कब्जा नहीं हटाया गया तो इमारत को जबरन खाली कराकर ध्वस्त कर दिया जाएगा।
15 दिन की मियाद, फिर चलेगा बुलडोजर
बिल्डिंग में असद के परिवार के अलावा कई अन्य परिवार भी किराए पर रह रहे हैं। नोटिस चस्पा होने के बाद सभी किराएदारों को मकान खाली करना होगा। ढोल और अनाउंसमेंट के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन का कहना है कि सूर्या हत्याकांड की जांच के दौरान इस अवैध निर्माण का पता चला था। 15 दिन की मियाद पूरी होने के बाद इस इमारत पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी।
बुलंदशहर के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक
इससे पहले असद का शव रविवार को बुलंदशहर के उसके पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पुलिस एनकाउंटर में मारे गए असद की लाश को उसके चाचा शहाबुद्दीन गाजियाबाद के पोस्टमार्टम हाउस से बुलंदशहर लेकर आए थे। पोस्टमार्टम के बाद असद का शव लेने के लिए रविवार दोपहर तक कोई परिजन नहीं पहुंचा। असद के पिता नवाब सूर्या हत्याकांड में ही नामजद हैं और जेल में बंद हैं। उसकी सौतेली मां है। भाई शादीशुदा है और खोड़ा में ही अलग रहता है।

