इस्लामाबाद: यूरोपीय यूनियन की शीर्ष अधिकारी काजा कल्लास ने पाकिस्तान में भारत को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक प्रमुख क्षेत्रीय शक्ति है जिसे अपने लोगों की रक्षा का अधिकार है। उन्होंने आगे कहा कि अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार पाकिस्तान को अपनी और अपने लोगों की रक्षा का अधिकार है। ये बयान इसलिए विवादित है क्योंकि उन्होंने भारत के खिलाफ पाकिस्तान का पक्ष लिया है। भारत ने पिछले साल मई महीने में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था और पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे।
भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच करीब 4 दिनों तक झड़प हुई थी। इसी को लेकर यूरोपीय संघ की विदेश मामलों और सुरक्षा नीति की उच्च प्रतिनिधि काजा कल्लास ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार अपनी और अपने लोगों की रक्षा करने का अधिकार है साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्रीय संघर्षों को सुलझाने के लिए बातचीत ही सबसे अच्छा रास्ता है।
पाकिस्तान से EU नेता की भारत के खिलाफ बयानबाजी
कल्लास ने 8वीं EU-पाकिस्तान रणनीतिक वार्ता से पहले अपने स्वागत भाषण में ये बातें कहीं हैं। उन्होंने कहा ‘हाल के भारत-पाकिस्तान तनाव के गंभीर परिणाम हो सकते थे और इससे क्षेत्र में और अधिक अस्थिरता फैल सकती थी। अंतर्राष्ट्रीय कानून के तहत पाकिस्तान को अपनी और अपने नागरिकों की रक्षा करने का अधिकार था।’ उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ ने लगातार दोनों देशों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है और यह भी जोड़ा कि मौजूदा परिस्थितियों में हवाई हमलों के बजाय बातचीत ही आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका है।कल्लास ने बताया कि रणनीतिक वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके अलावा इस्लामाबाद में गर्मजोशी से स्वागत के लिए पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि वह आने वाले वर्षों में पाकिस्तान और यूरोपीय संघ के बीच सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। EU की विदेश नीति प्रमुख ने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीति को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की भूमिका की भी सराहना की और इस्लामाबाद के मध्यस्थता प्रयासों को अत्यंत मूल्यवान बताया।काजा कल्लास ने इस्लामाबाद में आगे कहा कि क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के संबंध में पाकिस्तान और यूरोपीय संघ की प्राथमिकताएं समान हैं और उन्होंने पाकिस्तान को एक प्रमुख क्षेत्रीय शक्ति तथा इस गुट का एक महत्वपूर्ण साझेदार बताया। इससे पहले इशाक डार ने EU प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को और मजबूत करने के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दोहराया। इशाक डार ने कहा कि EU नेतृत्व और कल्लास का पाकिस्तान के साथ निरंतर जुड़ाव अत्यंत सराहनीय है और उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि दोनों पक्ष क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विशेष रूप से भारत-पाकिस्तान संघर्ष और अमेरिका-ईरान विवाद के दौरान एक-दूसरे के साथ लगातार संपर्क में रहे हैं।

