New Delhi : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय त्रिपुरा दौरे के दूसरे दिन आज भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। साथ ही शाह उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वे राज्य में एक महत्वपूर्ण होटल परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। गृह मंत्री गुरुवार शाम अगरतला पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह उनका कार्यक्रम गोमती जिले स्थित प्रसिद्ध माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने से शुरू होगा।
इसके बाद अमित शाह पश्चिम त्रिपुरा जिले के शालबागान स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) त्रिपुरा फ्रंटियर मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वे प्रभावी सीमा प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री माणिक साहा, मुख्य सचिव जेके. सिन्हा, पुलिस महानिदेशक अनुराग ढंकर तथा वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी शामिल होंगे। गृह मंत्री पश्चिम त्रिपुरा जिले के लंकामुरा सीमा चौकी का भी दौरा करेंगे और भारत-बांग्लादेश सीमा पर जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे।

