लखनऊ : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर के पूर्णकालिक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की नियुक्ति पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नई चीजें होने से पुरानी बातें नहीं भुलाई जा सकतीं। अखिलेश ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े दान और जमीन के मामलों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप भी लगाए।
अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर बनाना चाहिए’
सपा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि भविष्य में ‘राम धन’ की चोरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित किया जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा पर लालच में जमीन घोटाले और गरीबों को मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाया।
अखिलेश ने कहा कि अयोध्या के विकास के साथ वहां रहने वाले लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने जमीन से जुड़े मामलों और मुआवजे को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर गरीबों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
राम मंदिर के संचालन के लिए पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति के बीच अखिलेश यादव की यह प्रतिक्रिया राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उन्होंने नियुक्ति का सीधे विरोध करने के बजाय मंदिर से जुड़े पुराने विवादों और कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

