– नई दिल्ली में कांग्रेस-आप ने मिलकर लड़ा था चुनाव
– आम आदमी पार्टी के खाते में गई थी सीट
– आप के सोमनाथ भारती का मुकाबला भाजपा की बांसुरी स्वराज से हुआ था
नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों में नई दिल्ली सीट भी शामिल हैं। गठबंधन के तहत यह सीट आम आदमी पार्टी को गई थी। अरविंद केजरीवाल ने यहां से सोमनाथ भारती को उतारा था। भाजपा ने दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को टिकट दिया था।
एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया था कि दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर भाजपा एक बार फिर क्लीन स्वीप करने जा रही है। मतलब एग्जिट पोल मान रहे थे कि बांसुरी स्वराज की जीत होगी।
दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर 25 मई को छठे चरण में मतदान हुआ था। गांधी परिवार का मतदान नई दिल्ली सीट पर है। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि गांधी परिवार ने कांग्रेस पार्टी को ही वोट नहीं दिया। सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ ही प्रियंका वाड्रा और उनके परिवार ने गैर कांग्रेसी प्रत्याशी को वोट दिया था।
चुनाव आयोग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीटों पर कुल 58.69% मतदान हुआ था। 55.43 फीसदी के साथ नई दिल्ली सीट पर सबसे कम मतदान दर्ज किया गया था।
राष्ट्रीय राजधानी में 2014 और 2019, दोनों चुनावों में भाजपा ने सूपड़ा साफ कर दिया था और विरोधियों AAP और कांग्रेस को हाशिए पर धकेल दिया था।
2019 में दिल्ली में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हुआ था। तब भी एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा को 6-7 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था, जो सच साबित हुआ था।