– क्षत-विक्षत अवस्था में मिला शव
– वारदात के वक्त घर में अकेले थे
– अभी मुंबई में हैं मुकेश सहनी
दरभंगा। बिहार के दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या कर दी गई है। 75 साल के जीतन सहनी का शव दरभंगा के बिरौल स्थित घर पर मिला। दरभंगा SSP जगुनाथ रेड्डी ने धारदार हथियारों से हत्या किए जाने की पुष्टि की है।
अब तक की जानकारी के अनुसार, घटनाक्रम देर रात का है। वारदात के समय जीतन सहनी घर में अकेले थे। मुकेश सहनी मुंबई में हैं। सूचना मिलते ही दरभंगा के लिए रवाना हो गए।
इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने फोन पर मुकेश सहनी से बात की। वहीं डीजीपी को जांच के आदेश दिए।
बता दें, बिहार में विकासशील इंसान पार्टी महागठबंधन का हिस्सा है। मुकेश सहनी पूर्व डिप्टी सीएम व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के काफी करीबी माने जाते हैं। मुकेश सहनी बिहार सरकार के पूर्व मंत्री भी हैं।
सबसे पहले महिलाओं को मिली हत्या की जानकारी
8 साल पहले पत्नी के निधन के बाद जीतन सहनी दरभंगा के जीरात मोहल्ला स्थित मकान में अकेले रहते थे।
आसपास के लोगों ने बताया, ‘जीतन सहनी रोज सुबह 4 बजे उठ जाया करते थे और भजन बजाया करते थे।’
मंगलवार सुबह जब भजन की आवाज नहीं आई, तो फूल तोड़ने पहुंचीं कुछ महिलाओं को आशंका हुई।
महिलाओं ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने नहीं खोला। इस बीच, कुछ अन्य लोग भी जमा हो गए।
मकान के पीछे जाकर देखा तो दरवाजा टूटा था। अंदर पहुंचे तो बिस्तर पर ही क्षत-विक्षत में शव पड़ा था।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की प्रतिक्रिया
मामले की जानकारी मिलते ही हमने तुरंत कार्रवाई की। सीएम (नीतीश कुमार) ने भी जल्द से जल्द जांच के लिए एसआईटी के गठन का आदेश दिया है। आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। बिहार में सबसे तेज काम करने वाली पुलिस है। – सम्राट चौधरी, बिहार के डिप्टी सीएम