– अमृतपाल के माता-पिता ने कहा- पंजाब के खिलाफ हो रहा अन्याय।
– बलविंदर कौर ने कहा- एनएसए हटाकर अमृतपाल को रिहा करे सरकार।
– तरसेम सिंह ने कहा- बजट में सरकार ने पंजाब को कुछ नहीं दिया।
जालंधर। कांग्रेस के लोकसभा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का जेल में बंद सांसद व वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह के माता-पिता ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी का आभार कि उन्होंने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई।
कौर ने कहा कि अन्याय के खिलाफ सभी को मिलकर बोलना चाहिए। अमृतपाल पर एनएसए लगा रखा है। उसको लोगों ने चुनकर संसद में भेजा है। उसको रिहा करना चाहिए।
चन्नी जी ने सच्चाई की आवाज को संसद में उठाया- बलविंदर कौर
उन्होंने कहा कि चन्नी ने सच्चाई की आवाज को संसद में उठाया है। ऐसा ही पंजाब के सभी सांसदों को करना चाहिए। यह अन्याय के खिलाफ खड़े होने के लिए जरूरी है।
बजट में पंजाब के साथ हुआ धोखा- तरसेम सिंह
अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह ने बजट को लेकर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पंजाब को इस बजट से कुछ नहीं मिला है। यह गलत है। पंजाब के सभी सांसदों को एकजुट होकर इस बजट का विरोध करना चाहिए। बजट में पंजाब के साथ गलत किया गया है।
कांग्रेस पार्टी ने संसद में अमृतपाल का समर्थन करने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी से दूरी बना ली थी। कांग्रेस ने कहा कि यह चन्नी के निजी विचार हैं। इसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। पार्टी को इससे अलग ही रखना चाहिए।