नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की कानून व्यवस्था बहुत भयावह हो गई है। खुलेआम गोलीबारी हो रही है, चाकूबाजी हो रही है। अपराधियों की इतनी हिम्मत कैसे हो गई कि वो खुलेआम दिल्ली की सड़कों पर गोलीबारी कर रहे हैं। पिछले डेढ़ महीने में दिल्ली में कई गैंगवार और गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में व्यापारियों को खुलेआम करोड़ों रुपए की फिरौती के लिए कॉल आ रहे हैं। ऐसे कई मामले हैं और इन सभी मामलों में शूटर पकड़े जाते हैं लेकिन जो फिरौती मांग रहा है, जो असली मास्टरमाइंड है, वो खुलेआम घूम रहा है। सबको पता है कि दिल्ली के अंदर 11-12 गैंग चल रहे हैं। वे एक को भी नहीं पकड़ पाए हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं, उनका अपहरण हो रहा है, बलात्कार हो रहा है और फिर उनकी हत्या हो रही है?। दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सीधे गृह मंत्री यानी अमित शाह की है लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं है। अमित शाह जी कहां हैं?।
अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए हैं?– अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आज सुबह विश्वास नगर में सुनील जैन को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए हैं? मैं व्यक्तिगत रूप से कई व्यापारियों को जानता हूं जो दिल्ली छोड़ रहे हैं (जबरन वसूली के कारण)। दिल्ली में महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आए दिन रेप के मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली पुलिस दिल्लीवासियों की सुरक्षा करने में विफल हो रही है।