Arvind Kejriwal Announce Sanjivani Yojana: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने 60 साल से अधिक के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज देने की घोषणा की है। केजरीवाल ने इसे संजीवनी योजना नाम दिया है। अरविंद केजरीवाल ने प्रेस वार्ता करके कहा कि हमारे सभी बुजुर्गों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के सभी नागरिकों का इलाज मुफ्त होगा। ये केजरीवाल की गारंटी है।
बेटा हो तो ऐसा, केजरीवाल जैसा❤️🙏
बुजुर्गों की सेवा और सम्मान के लिए आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक @ArvindKejriwal जी ने 'संजीवनी योजना' का एलान किया🛡️🏥
संजीवनी योजना के तहत दिल्ली में 60 और उससे ज़्यादा उम्र के बुजुर्गों का सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में… pic.twitter.com/YD7LoPLya6
— AAP (@AamAadmiParty) December 18, 2024
अरविंद केजरीवाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, “60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को संजीवनी योजना के तहत निजी और सरकारी दोनों अस्पतालों में मुफ्त इलाज मिलेग। इलाज की लागत की कोई ऊपरी सीमा नहीं होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा। आप कार्यकर्ता रजिस्ट्रेशन के लिए आपके घर आएंगे। वे तुम्हें एक कार्ड देंगे, इसे सुरक्षित रखना। चुनाव के बाद जब हम सत्ता में आएंगे तो यह नीति लागू की जाएगी।”
क्या है “संजीवनी योजना”?
विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल के यह बड़ा दांव माना जा रहा है। बीजेपी लगातार दिल्ली में आयुष्मान योजना नहीं लागू करने पर आप पर हमला बोलती है, ऐसे में आप के द्वारा संजीवनी योजना लेकर आना, उन्हें संसद में फायदा पहुंचा सकती है। बता दें, संजीवनी योजना के तहत दिल्ली के 60 साल से अधिक के बुजुर्गों का मुफ्त इलाज होगा। इसके साथ ही इलाज की लागत की कोई ऊपरी सीमा नहीं होगी। 1-2 दिनों में आप के कार्यकर्ता इसके लिए रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरवाएंगे। हालांकि, इस योजना का लाभ दिल्ली के बुजुर्ग कब से ले सकेंगे, इसकी तारीख सामने नहीं आई है।
चुनाव से पहले तीसरा बड़ा ऐलान
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने इससे पहले ऑटो ड्राइवर और महिलाओं के लिए कई घोषनाएं कीं। उन्होंने ऑटो चालकों के लिए पांच बड़े ऐलान किए। इसके मुताबिक ऑटो वाले की बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये सरकार देगी। साल में ऑटो चालकों को दो बार वर्दी बनवाने के लिए ढाई- ढाई हजार रुपये होली और दिवाली पर दिए जाएंगे। इसके साथ ही 10 लाख रुपये का लाइफ इंश्योरेंस और 5 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस भी कराया जाएगा। साथ ही महिलाओं को विधानसभा चुनाव के बाद 2100 रूपए देने का ऐलान किया।