Nayab Saini Dhanywad Yatra: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज (सोमवार) को प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों का धन्यवाद कर रहे हैं। सीएम सैनी प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार की जीत पर लोगों का आभार जताने के लिए धन्यवाद रैलियां कर रहे हैं। इसके तहत दोपहर में सैनी करनाल के इंद्री पहुंचे जहां उन्होंने लोगों को संबोधित किया और भाजपा की जीत के लिए धन्यवाद किया।
सीएम सैनी अपने संबोधन में कहा कि हमने चुनावी संकल्प पत्र में महिलाओं को हर महीने 2100 देने की बात कही थी। हम इस संबंध में रोड मैप तैयार कर रहे हैं। आने वाले समय में जब हरियाणा का बजट सेशन आएगा तो इस सेशन में हम इसके लिए बिल लेकर आएंगे। हमारी सरकार महिलाओं को 2100 रुपये देने का काम करेगी। इसकी पूरी रचना-योजना तैयार करने के लिए मैंने अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है। ताकि हम हरियाणा की महिलाओं को इस योजना के साथ जोड़कर उन्हें लाभ दे सकें। उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना सके। सीएम सैनी ने कहा कि जल्द ही अगले साल 2025 से हरियाणा में सभी महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलने लगेगी।
किसानों की हर फसल 100 प्रतिशत एमएसपी पर खरीदेंगे
पत्रकारों से बात करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा मैं आज प्रदेश की सभी विधानसभाओं में जाकर जनता का तीसरी बार हम (भाजपा) पर भरोसा कर जीत दिलाकर सरकार बनाने के लिए धन्यवाद कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक दिन पहले एक अधिसूचना जारी की है, जिसमें हमने प्रदेश के किसानों की सभी फसलें 100 प्रतिशत एमएसपी पर खरीदेंगे। केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के हित में सोचती है। इसलिए किसानों के लिए फैसले लिए जाते हैं।
पंजाब सरकार भी करे एलान
सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार भी हरियाणा की तर्ज पर किसानों की फसलें 100 प्रतिशत एमएसपी पर खरीदने की बात करें। पंजाब ही क्यों दिल्ली, हिमाचल की कांग्रेस सरकार, तेलंगाना और कर्नाटक सरकार भी ऐसी बात करें, लेकिन राजनीति न की जाए।सीएम सैनी ने कहा कि आज बारिश और ठंड के बीच इंद्री में लोगों का हुजुम उमड़ा है। यह लोगों का भाजपा के प्रति प्यार है। मैं इंद्री के लोगों का दिल से धन्यवाद करता हूं। केंद्र और हरियाणा में भाजपा सरकार जो डबल इंजन की सरकार है प्रदेश के लोगों के हित में काम कर रही है।