Nayab Singh Saini On Yamuna: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था। इसके बाद बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली हरियाणा बॉर्डर स्थित यमुना के पल्ला घाट पहुंचे। उन्होंने यमुना के जल को पीकर आतिशी के तमाम आरोपों का जवाब दिया। साथ ही उन्होंने अपने एक्स पर लिखा कि आतिशी जी तो आईं नहीं।कोई नया झूठ रच रही होंगी।झूठ के पांव नहीं होते।इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। बता दें, सीएम आतिशी ने हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में अतिरिक्त अमोनिया मिलाने का आरोप लगाया था। जिसके बाद नायब सैनी और आतिशी के बीच एक्स पर वाकयुद्ध देखने को मिला।
पल्ला घाट पहुंचे सीएम सैनी
सीएम नायब सिंह सैनी ने एक्स पर पल्ला घाट पर यमुना के पानी का आचमन करतेहुए वीडियो साझा करते हुए लिखा, “बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया हरियाणा की सीमा पर। आतिशी जी तो आईं नहीं।कोई नया झूठ रच रही होंगी। झूठ के पांव नहीं होते। इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा। दिल्ली की देवतुल्य जनता इन फ़रेबियों को पहचान चुकी है। 5 फ़रवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत निश्चित है। दिल्ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सज़ा देंगे क्योंकि हमारा भाईचारा सदियों से मजबूत है।“
आतिशी ने एक्स पर किया था ट्वीट
बुधवार को सीएम आतिशी ने एक्स के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को टैग करके लिखा, “मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।“
CM सैनी ने दिया जवाब
आतिशी के ट्वीट का जवाब देते हुए CM सैनी ने एक्स पर लिखा, आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी,पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो ज़हर नहीं है,लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरुर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए,कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।“