CM Rekha Gupta In Action: दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता एक्शन में नजर आने लगी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बैठक के बाद दिल्ली सचिवालय जाकर रेखा गुप्ता पदभार ग्रहण करेंगी। फिर सीएम रेखा गुप्ता पूरे कैबिनेट के साथ वासुदेव घाट पर यमुना आरती में शामिल होंगी। करीब शाम 7 बजे दिल्ली की नई सरकार अपनी पहली कैबिनेट बैठक करेगी। माना जा रहा है कि इस कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले हो सकते हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने 48 विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करके 27 सालों बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। चुनाव के जीतने के बाद सीएम के नाम को लेकर करीब दो हफ्ते तक कयास लगाए गए। बुधवार को देर रात विधायक दल की बैठक के बाद रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई गई।
इन फैसलों पर लग सकती है मुहर
विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। जिसमें महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह, यमुना सफाई, गर्भवती महिला को 15000 रुपये की मदद सहित अन्य कई घोषणाएं शामिल हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आज शाम 7 बजे CM रेखा गुप्ता अपने कैबिनेट के साथ बैठक में कई ऐलान कर सकती हैं। वो दिल्ली में आयुष्मान योजना और महिलाओं को 2500 रुपये सम्मान राशि देने की घोषणा कर सकती हैं। साथ ही यमुना सफाई को लेकर भी कोई बड़ा ऐलान हो सकता है। इसके अलावा सड़कों और सीवर का मुद्दा भी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उठाया था। ऐसे माना जा रहा है कि इस मुद्दों को भी कोई घोषणा जरुर हो सकती है।
पीएम मोदी ने रेखा गुप्ता को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बीजेपी की नेता रेखा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठी हैं, कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं।’’