Arvind Kejriwal In Rajyasabha: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी अपनी सीट नहीं बचा पाए। इस बीच केजरीवाल के राज्यसभा जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअशल, बुधवार को पंजाब के लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है। ये सीट विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी की मौत के बाद खाली हो गई थी। गोगी की मौत 10 जनवरी को पिस्टल से अचानक गोली चलने के कारण हो गई थी। अब माना जा रहा है कि संजीव अरोड़ा की राज्यसभा में सीट खाली होते ही केजरीवाल को उनके जगह उपरी सदन में पंजाब से भेजा जाएगा। हालांकि, इस मामले में AAP की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
AAP का आया बयान
केजरीवाल के राज्यसभा जाने के कयासों के बीच आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जा रहे हैं। जहां तक अरविंद केजरीवाल की बात है तो मीडिया सूत्र पहले कह रहे थे कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। अब मीडिया सूत्र कह रहे हैं कि वह राज्यसभा से चुनाव लड़ेंगे। ये दोनों सूत्र बिल्कुल गलत हैं। अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हैं। मैं मानता हूं कि उनकी मांग बहुत ज्यादा है, लेकिन वह किसी एक सीट तक सीमित नहीं हैं।”
कांग्रेस ने केजरीवाल पर साधा निशाना
पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मंगलवार को कहा था, ”पहले, केजरीवाल गुरप्रीत की सीट से आना चाहते थे, लेकिन फिर उन्हें लगा कि पंजाब में इसका व्यापक असर होगा और पंजाबी बाहरी लोगों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसलिए, उन्होंने एक कदम पीछे ले लिया। अरोड़ा साहब के बारे में जानकारी में सच्चाई हो सकती है।”
गौरतलब है कि संजय अरोड़ा का राज्यसभा में कार्यकाल साल 2028 तक है। ऐसे में अगर केजरीवाल उनकी जगह राज्यसभा जाते हैं तो वो 2028 तक ऊपरी सदन का हिस्सा बने रहेंगे। बता दें, विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल को प्रवेश वर्मा ने 4000 से अधिक वोटों से मात दी थी। उनके अलावा आप के कई दिग्गज नेताओं को भी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।