Aman Sahu Encounter: झारखंड में आतंक का प्रायय बन चुका अमन साहू को स्पेशल टास्क फोर्स ने एनकाउंटर में मार गिराया है। अमन साहू पर हत्या, रंगदारी जैसे आरोपों में 100 से अधिक मामले दर्ज थे। उसका नाम NTPC DGAM मर्डर केस में भी आया था। मंगलवार को पूछताछ के लिए रायपुर से रांची लाने के दौरान ही अमन साहू का एनकाउंटर हो गया। पुलिस के अनुसार, पलामू के चैनपुर के पास जैसे ही पुलिस की गाड़ी पहुंची, वैसे ही अमन साहू गिरोह के बदमाशों ने पुलिस वाहन पर बम से हमला कर दिया। जिसके बाद अमन साहू पुलिस की बंदूक छिन कर भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान दोनों ओर से गोलीबारी भी की गई, जिसमें अमन साहू की मौत हो गई। गौरतलब है कि अमन साहू गैंग ने झारखंड पुलिस के नाक में दम कर रखा था। रांची, धनबाद, हजारीबाग सहित अन्य कई इलाकों में उसने अपाराधिक घटना को अंजाम दिया था।
भागते समय हुआ एनकाउंटर
अमन साहू झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़ में भी अपना गैंग चलाता था। इयी कारण उसे रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया हुआ था। मंगलवार को अहले सुबह रायपुर जेल से झारखंड लाने के क्रम में ये एनकाउंटर हुआ। दरअसल, जब रायपुर से अमन साहू को लेकर लौट रही पुलिस वाहन पलामू के चैनपुर पहुंची, तो घात लगाकर बैठे अमन साहू गैंग के लोगों ने बम से हमला कर दिया। जिससे पुलिस वाहन पलट गई और मौके का फायदा उठाकर अमन साहू भागने की कोशिश करने लगा। उसने पुलिस से इंसास रायफल भी छिन लिया। इस दौरान पुलिस और अमन साहू के बीच मुठभेड़ चली। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। इस मुठभेड़ में अमन साहू को कई गोलियां लगीं औऱ उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पलामू की एसपी रेशमा रमेशन ने इस घटना की पुष्टी की है।
कई गंभीर मामलों में था वांछित
अमन साहू गैंग ने झारखंड पुलिस के नाक में दम कर रखा है। पूरे राज्य में इसके गैंग ने कई वारदात को अंजाम दिए। पुलिस ने पिछले साल 30 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन इसके बावजूद इस गैंग का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। तीन दिन पहले इसी गिरोह के अपराधियों ने रांची के बरियातू रोड में कोयला ट्रांसपोर्टर बिपिन मिश्रा पर फायरिंग की थी। इसके अलावा 8 मार्च को झारखंड के हजारीबाग जिले में एनटीपीसी (NTPC) के डीजीएम रैंक के अधिकारी कुमार गौरव की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हमले के पीछे भी अमन साहू का ही हाथ बताया जा रहा था। इसके अलावा इसपर दर्जनों रंगदारी और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था।