Munger Encounter: बिहार के मुंगेर में शुक्रवार को ASI संतोष सिंह की हत्या कर दी गई थी। ASI पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने गुड्डू यादव को गिरफ्तार किया है। जब पुलिस हमलावर की तलाश में जा रही थी तभी पुलिस की गाड़ी घटनाग्रस्त हो गई। मौके का फायदा उठाकर आरोपी गुड्डू यादव ने पुलिस से हथियार छिनने की कोशिश की। अपने बचाव में पुलिस की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें गुड्डू घायल हो गया। गुड्डू के पैर में गोली लगी। जिसके बाद पुलिस ने हमलावर को गुड्डू को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बता दें, गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण SHO समेत चार अन्य लोग भी घायल हो गए।
एसपी ने दी जानकारी
एसपी सय्यद इमरान मसूद ने बताया कि मामले में गिरफ्तार एक अपराधी गुड्डू यादव को साथ लेकर पुलिस मुफसिल थाना के बाकरपुर जा रही थी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी बकरी को बचाने में पलट गयी, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मौके का फायदा उठा कर अपराधी गुड्डू यादव जवान सैफ अली की रायफल लेकर फायरिंग करने की कोशिश करने लगा। अपराधी को फायरिंग करता देख पुलिस ने अपराधी गुड्डू को चेतावनी देते हुए आत्मरक्षा में गोली मारी। इस घटना में अपराधी गुड्डू यादव के दाएं पैर में गोली लगी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, शुक्रवार को पड़ोसियों के बीच झगड़े की शिकायत मिलने के बाद ASI संतोष सिंह अपनी टीम के साथ रात को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन इसी दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार से ASI संतोष सिंह के सिर पर कई बार बार किया गया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में पटना के पारस अस्पताल रेफर किया गया। जहां उनकी शनिवार अहले सुबह मृत्यु हो गई।