New Delhi : AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली दंगे के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को बेल न मिलने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। ओवैसी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में थी तब उसने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) में बदलाव किए इसलिए इन दोनों को जेल में रहना पड़ रहा है।
ओवैसी ने गुरुवार (8 जनवरी) को महाराष्ट्र के धुले में एक कार्यक्रम में कहा कि आज ये दो युवा, जो साढ़े पांच साल से जेल में हैं, उन्हें जमानत नहीं मिली। कानून बनाने वाले कांग्रेस के थे। क्या आजादी के बाद से कांग्रेस का कोई नेता कभी एक साल, दो साल, या साढ़े पांच साल जेल में रहा है।
दरअसल 5 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों में साजिश से जुड़े मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने गुलफिशा समेत 5 लोगों को जमानत दे दी।
ओवैसी के भाषण की 3 बड़ी बातें…
- मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि जिन मामलों में अल्पसंख्यकों को गिरफ्तार किया जाता है, उन्हें बिना चार्जशीट के 180 दिनों तक हिरासत में रखा जाएगा।
- कल ट्रम्प ने एक बयान दिया कि मोदी ने मुझसे बोला सर क्या मैं आपसे मिल सकता हूं प्लीज, ट्रम्प के इस बयान पर बीजेपी नहीं बोलती है। ये मुगलों और पाकिस्तान की बात करते हैं। बीजेपी का राष्ट्रवाद ड्रामा है।
- कांग्रेस के बनाए गए कानून को साल 2019 में अमित शाह ने और खराब कर दिया, आज दिल्ली में बैठा NIA का इंस्पेक्टर किसी को भी आतंकवादी घोषित कर सकता है।

