नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया। इसमें आप नेताओं को फर्जी केसों में फंसाकर जेल भेजने की पूरी कहानी दिखाई गई है। गोवा में ये मौका केवल फिल्म स्क्रीनिंग का ही नहीं, बल्कि भावनात्मक और राजनीतिक भी था। हॉल में बैठा हर व्यक्ति सिर्फ दर्शक नहीं था, बल्कि गवाह था उस दौर का, जब एक उभरती हुई ईमानदार राजनीति को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की गई। जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ी, वैसे-वैसे माहौल गंभीर होता गया। कई जगहों पर सन्नाटा था, कई जगहों पर गुस्सा, और अंत में एक मजबूत संकल्प सच्चाई के साथ खड़े रहने का।
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, यह पूरी कहानी किसी एक नेता की नहीं है, बल्कि उस सोच की है, जिसे दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि किस तरह से आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाया गया, जेल में डाला गया, और जनता के बीच शक पैदा करने की कोशिश की गई। लेकिन इसके बावजूद पार्टी का एक भी नेता नहीं टूटा।
AAP के मुताबिक गोवा शांति और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है। डॉक्यूमेंट्री जैसी पहल यहां के लोगों के दिलों को छू रही है और जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बन रहा है। आम आदमी पार्टी का दावा है कि ये दल केवल एक राजनीतिक विकल्प नहीं, बल्कि जनता का भरोसा बनकर उभर रही है और केजरीवाल इस भरोसे के केंद्र में खड़े हैं।

