राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचीं। राजधानी गंगटोक के पास लिबिंग आर्मी हेलिपैड पर राष्ट्रपति का पारंपरिक और औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान प्रेम सिंह तमांग, ओम प्रकाश माथुर, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति के स्वागत में सिक्किम की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई दी। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य की जनता की ओर से राष्ट्रपति को पारंपरिक ‘थंका पेंटिंग’ भेंट की। बौद्ध संस्कृति और हिमालयी परंपरा से जुड़ी यह कलाकृति सिक्किम की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का राज्य आगमन सिक्किम के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। हेलिपैड से राष्ट्रपति को राजभवन स्थित लोक भवन ले जाया गया। इसके बाद उन्होंने देवराली स्थित नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी और रिज पार्क के ऑर्किडेरियम का दौरा किया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर गंगटोक और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

