Arvind Kejriwal Vs Haryana Sarkar: दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। भाजपा और कांग्रेस लगातार अरविंद केजरीवाल को उनके द्वारा किए वादों को याद दिलाकर निशाना साध रहे हैं। इस बीच अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने हरियाणा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने भाजपा की हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया है। वहीं, यमुना के पानी में अमोनिया मिलाने का आरोप लगाते हुए सीएम आतिशी चुनाव आयोग के पास पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग ने मंगलवार दोपहर तक हरियाणा सरकार से इन आरोपों पर जवाब मांगा है।
केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। हालांकि, दिल्ली जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया। भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। केजरीवाल ने दावा किया कि उन्होंने दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने के लिए ऐसा किया है, ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए।
हरियाणा सीएम ने किया पलटवार
हालांकि, केजरीवाल के आरोपों पर पलटवार करते हुए हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, “मैं दिल्ली के लोगों से मुलाकात की। लोगों ने बताया कि हरियाणा से 35 किमी दूरी के बाद ही लोगों दिल्ली में गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। केजरीवाल ने यमुना को साफ करने की बात कही थी, लेकिन अब 28 नाले गंदा पानी छोड़ रहे हैं। इसकी जिम्मेदारी उन्हीं की है।” सैनी ने कहा कि, “केजरीवाल को लोग अब चलता करने वाले हैं।” उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल की आरोप लगाकर भागने की आदत और सोच है। मैंने कहा कि आप (अरविंद केजरीवाल) अपने मुख्य सचिव को भेजें और मैं अपने मुख्य सचिव से कहूंगा कि सोनीपत में यमुना के पानी की गुणवत्ता की जांच करें, जहां से यह दिल्ली में प्रवेश करता है।