मुंबई। पूर्व मंत्री और विधान परिषद सदस्य (MLC) शशिकांत शिंदे को मंगलवार को महाराष्ट्र राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने जयंत पाटिल की जगह ली है। शिंदे की नियुक्ति की घोषणा पार्टी की आमसभा बैठक में एनसीपी (शरद पवार गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने की। पार्टी प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
शिंदे के नाम का प्रस्ताव पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने रखा, जिसका समर्थन शिरूर से सांसद अमोल कोल्हे और पूर्व विधायक सुनील भुजबल ने किया।
बैठक में शरद पवार ने मंच से कहा कि अध्यक्ष पद के लिए उन्हें केवल एक ही नाम मिला है। उन्होंने उपस्थित नेताओं से पूछा कि क्या कोई और नाम प्रस्तावित करना चाहता है या चुनाव लड़ना चाहता है, लेकिन किसी ने रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद शिंदे के नाम की सर्वसम्मति से घोषणा कर दी गई।