कासगंज। कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव गढ़का में रविवार रात्रि बड़ा हादसा हो गया। अचानक एक पुराना मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। मलबे में दबकर परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज आवाज होने पर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। मलबे से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। फिलहाल, सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना गांव गढ़का निवासी रईस आलम के घर हुई। रविवार देर रात बारिश के बाद मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। इससे घर में सो रही रईस आलम की पत्नी छोटी बेगम (40 वर्ष), पुत्री समीरा (18 वर्ष), फक्रे आलम (16 वर्ष), रुबीना (14 वर्ष) और गुड़िया (13 वर्ष) मलबे में दब गई।
मकान ढहने से गांव में खलबली मच गई। आनन-फानन में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। 25 वर्ष पुराना लिंटर पड़ा था जो ईंटों का था। मकान के आगे का कुछ भाग तोड़कर दुकानों का निर्माण हो रहा था। आगे की ओर सपोर्ट खत्म होने से लिंटर धराशायी हो गया।