Maharashtra :सुप्रीम कोर्ट ने 2024 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित फर्जी वोटिंग के आरोपों पर दाखिल याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा कि याचिका में कोई ठोस सबूत नहीं है और यह कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि वो मोहब्बत की दुकान नहीं, बल्कि झूठ का शोरूम चला रहे हैं।
महाराष्ट्र में मतदाता डेटा को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि 40 घंटे तक झूठ फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई और चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठाए गए। उन्होंने सवाल उठाया कि इस झूठ की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्या राहुल गांधी इसके लिए देश से माफी मांगेंगे। भाटिया ने कहा कि जब इतनी देर तक झूठी जानकारी फैलाई गई तो उसे देखने वाले लोग इसे सच मान बैठे होंगे।
विपक्ष जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचा रहा है
उन्होंने कांग्रेस पर जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सीधे-सीधे लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष लगातार संस्थाओं को बदनाम करने की राजनीति कर रहा है, जबकि देश की जनता सच्चाई को समझती है और इस तरह की साजिशों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर भी बोली भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सैयद जफर इस्लाम ने कहा है कि जब पूरी दुनिया महंगाई और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और ब्रिटेन जैसे विकसित देशों में महंगाई भारत से कहीं ज्यादा है, जबकि यहां महंगाई नियंत्रित है। कांग्रेस जिस खाद्य महंगाई की बात करती है, वह वर्तमान में -1.6% है, यानी खाने-पीने की चीजों के दाम घटे हैं।
महंगाई पर वैश्विक तुलना
जफर इस्लाम ने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका और ब्रिटेन में महंगाई भारत की तुलना में कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में खाद्य महंगाई दर नकारात्मक (-1.6%) है, जिसका मतलब है कि आम जनता के लिए खाने-पीने की वस्तुएं सस्ती हुई हैं।
भारतीय अर्थव्यवस्था पर टैरिफ का असर नहीं
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि टैरिफ को लेकर कई चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन भारत पर इनका असर बहुत कम होगा। उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी में 57-58% योगदान स्थानीय खपत का है। यह वजह है कि भारत एक एक्सपोर्ट-ड्रिवन अर्थव्यवस्था नहीं है, बल्कि लोकल कंजम्पशन पर आधारित है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टैरिफ के प्रभाव का देश की विकास गति पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।