यमुना शुद्धिकरण दिल्ली सरकार की प्राथमिकता
(सुशील देव)
नई दिल्ली। वासुदेव घाट पर आयोजित ‘यमुनोत्सव 2025’ पर राजनीति, विज्ञान और समाज का संगम दिखा। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि “तीन साल में यमुना शुद्ध और अविरल होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह सपना साकार होगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल यह काम नहीं कर पाए, अब उन्हें खल रहा है कि मौजूदा सरकार यह कर दिखा रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यमुना जी की कृपा से ही दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है। सरकार पूरे समर्पण से यमुना की अविरलता और निर्मलता पर काम कर रही है। यमुना कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों ने नदी के पर्यावरणीय प्रवाह को बनाए रखने पर बल दिया। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. राधेश्याम शर्मा, डॉ. फैयाज खुदसर, देबादित्यो सिन्हा सहित कई जल वैज्ञानिकों ने चर्चा की।
वहीं जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अमृतानंद देव तीर्थ ने कहा कि यमुना शुद्धिकरण आज की जरूरत है—हमारे शास्त्रों ने विज्ञान से पहले ही पर्यावरण संतुलन की राह दिखाई थी। कार्यक्रम की शुरुआत बुंदेलखंड की 101 जल सहेलियों के जल बैंड से हुई, जबकि रामजस इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
यमुना संसद संयोजक रविशंकर तिवारी ने कहा कि यह आयोजन यमुना की अविरलता और निर्मलता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

									 
					