नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से कई पश्चिमी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें विलंबित हुईं। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यात्रियों से ताजा उड़ान अपडेट जांचने और वैकल्पिक मार्गों पर विचार करने का आग्रह किया है।डायल ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि कि मध्य पूर्व की राजनीतिक स्थिति के कारण कई पश्चिमी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारणी में बदलाव हो रहा है। यात्रियों को हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से ताजा उड़ान अपडेट जांचने की सलाह दी गई। यदि आवश्यक हो, तो एयरलाइन द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों या कनेक्शनों पर विचार करें।पीटीआई के मुताबिक, मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष और एयरस्पेस बंद होने से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो गईं, जिसमें 36 डिपार्चर और 44 अराइवल शामिल हैं। डायल ने पश्चिमी उड़ानों में देरी और शेड्यूल बदलाव की जानकारी देते हुए यात्रियों से एयरलाइंस से अपडेट चेक करने की सलाह दी। पिछले तीन दिनों में भारतीय एयरलाइंस ने 1,117 विदेशी उड़ानें रद्द की हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर रोजाना 1,300 से ज्यादा उड़ानों के बीच यह संकट यात्रियों के लिए चुनौती बना हुआ है।

