नई दिल्ली : पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
डीलर्स एसोसिएशन ने दिया आश्वासन
इसी बीच, तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भी प्रेस नोट जारी कर कहा कि एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
एसोसिएशन के अनुसार, फर्जी और भ्रामक खबरों के कारण लोग पेट्रोल पंपों पर जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे बिक्री सामान्य से 2.5 से 3 गुना तक बढ़ गई है। इसके चलते कई जगहों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होने जैसी स्थिति भी देखने को मिली।
नागरिकों से की क्या अपील?
एसोसिएशन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें और पैनिक बायिंग से बचें। साथ ही, पेट्रोल या डीजल को डिब्बों में स्टोर करने से भी मना किया गया है। पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) के नियमों के अनुसार ऐसा करना खतरनाक है और इससे आग जैसी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।

