नई दिल्ली: कांग्रेस से नाता तोड़ चुके सीनियर नेता ने महिला आरक्षण बिल को लेकर पार्टी और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी समस्या अब राहुल गांधी बन चुके हैं। चाहे महिलाओं की बात हो, 370 की बात हो, तीन तलाक की बात हो, चुनाव आयोग की बात हो, संवैधानिक संस्थाओं की बात हो, झूठे आरोप लगाने की बात हो, सेना की बात हो, भारत के इतिहास की बात हो, सनातन की बात हो या राम मंदिर की बात हो। सबसे ज्यादा समस्या पैदा करने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं।
नारी शक्ति का अपमान किया
यूपी कांग्रेस के नेता रह चुके कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जो नारी शक्ति का सम्मान नहीं करेगा, उसका पतन सुनिश्चित है। पूरे देश के अंदर कश्मीर से कन्याकुमारी तक, अटक से कटक तक भारत की नारी एक ही नारा लगा रही है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष ने नारी शक्ति का अपमान किया है। नारी शक्ति को रोकने का काम किया है। उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश ने देखा की किस तरह राहुल गांधी महिलाओं का विरोध कर रहे हैं। अब वो सफाई देते घूम रहे हैं।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा कि राहुल गांधी को यह पता चल चुका है कि देश की उन्होंने आधी आबादी के हकों को मारने का काम उन्होंने किया है। पीएम मोदी महिलाओं का सम्मान करना चाहते थे, लेकिन राहुल गांधी ने उसका विरोध किया। जबसे यह सृष्टि बनी है, तबसे लेकर आज तक नारी का अपमान जिस, जिसने किया है। नारी के हक को जिस-जिसने मारा है उसका सर्वनाश हुआ है।

