– मप्र में झमाझम बारिश का इंतजार
– महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना
– अन्य राज्यों को लेकर IMD का अलर्ट
नई दिल्ली। देशभर में इन दिनों भारी बारिश जारी है। इसके चलते कई राज्यों में सड़कें जलमग्न हो गई है। साथ ही कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात हैं। बाढ़ से सर्वाधिक असम और गुजरात प्रभावित हैं, जहां न सिर्फ जनजीवन प्रभावित हुआ हैं, बल्कि कई लोगों की मौत भी हो गई। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों को भी बंद करना पड़ा हैं।
गुजरात में जारी भारी बारिश
गुजरात में भारी बारिश के कारण कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सूरत, वलसाड समेत कई शहरों में सड़कें जलमग्न हो गई। वहीं, लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी जमा हो गया। मौसम विभाग ने राज्य के कई शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुजरात के जूनागढ़, द्वारका, केशोद, वंथली, मेंदरदा, जूनागढ़ शहर, राजकोट, गिर सोमनाथ में भारी बारिश दर्ज की गई है।
असम में भी बाढ़ से बुरे हाल
इधर, असम से बाढ़ के कारण हालत खराब हो गए। गुरुवार को बाढ़ से 6 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 62 तक पहुंच गई हैं। जबकि, 29 जिलों में 21 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की के अनुसार:
- राज्य में 29 जिलों में कुल 21,13,204 लोग प्रभावित
- 57,018 हेक्टेयर में लगी फसल को नुकसान पहुंचा
- ब्रह्मपुत्र, दिगारू और कोलोंग नदी खतरे के निशान से ऊपर
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, असम और मेघालय में 6 जुलाई तक भारी से अति भारी की संभावना है। साथ ही मध्य महाराष्ट्र में भी 7 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा,दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल में भी अति भारी बारिश और हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।