– प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर मॉस्को पहुंचे।
– रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से वार्ता करेंगे।
– मोदी 9-10 जुलाई को ऑस्ट्रेया का दौरा करेंगे।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (सोमवार) को रूस की राजधानी मॉस्को पहुंच गए हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा पर रूस पहुंचे हैं। यहां 22वें रूस-भारत वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। रूस के उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने पीएम नरेंद्र मोदी की अगवानी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूस दौरा उस समय हो रहा है जब यूएस में नाटो समिट होने वाला है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी के रूस दौरे का नाटो समिट से कोई लेना देना नहीं है। गौरतलब है कि यूक्रेन जंग के बाद रूस अलग-थलग पड़ गया है। उसे भारत और चीन का साथ मिला है।
SCO समिट के बाद पहली मुलाकात
ये पहला मौका है जब प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन युद्ध के बाद रूस का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले 2019 में रूस गए थे। नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन की आखिरी मुलाकात 2022 में समरकंद में एससीओ समिट में हुई थी।रूसी राष्ट्रपति भारत में हुए जी-20 सम्मेलन 2023 में नहीं आए थे।
यूक्रेन में कई इलाकों पर हमला
पीएम मोदी के दौरे के बीच रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों पर हमला किया। बीबीसी के मुताबिक, हमले में करीब 31 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 150 से अधिक लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा, रूस ने कीव और स्लोवियास्क समेत कई शहरों में मिसाइलें दागी हैं।
मॉस्को के कार्लटन होटल पहुंचे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी होटल कार्लटन पहुंच गए हैं। यहां पर भारतीय समुदाय के लोगों ने तिरंगा लेकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
रूसी कलाकारों ने हिंदी गानों पर डांस किया
रूसी कलाकारों ने पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत में हिंदी गानों पर डांस किया। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय रूस यात्रा पर हैं। वे पुतिन के साथ 22वें में भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
होटल के बाहर कटआउट लगाया गया
मॉस्को में होटल के बाहर एक कटआउट लगाया गया, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी को रूसी राष्ट्रपति पुतिन से हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी कुछ देर में यहां पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉस्को एयरपोर्ट पर उतरे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉस्को हवाई अड्डे पर उतर गए हैं। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उनके स्वागत पर राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद वह होटल के लिए रवाना हुए।
जानिए भारत किन चीजों का रूस से इंपोर्ट-एक्सपोर्ट करता है?
भारत का इंपोर्ट
खनिज तेल, सोना-चांदी, हीरा, फर्टिलाइजर, शिप, बोट, फ्लोटिंग स्ट्रक्चर, पेपर प्रोडक्ट, न्यूक्लियर प्लांट के लिए यंत्र, आयरन, स्टील, रबर, इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट, एयरक्राफ्ट और स्पेसक्राफ्ट।
भारत का एक्सपोर्ट
फार्मा प्रोडक्ट,इलेक्ट्रॉनिक इक्विमेंट, मशीनरी और पुर्जे, कॉफी, चाय, मसाले, मछली, व्हीकल्स, कैमिकल प्रोडक्ट्स और विमानों के पुर्जे।