– दिल्ली में होगी पानी की किल्लत।
– मुनक नहर का बांध रात को टूटा।
– लोगों को सामान खराब होने का डर।
नई दिल्ली। इन दिनों कुछ प्रदेशों में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं, लेकिन दिल्ली में बिना बरसात के ही बाढ़ जैसे हालात हो गया है। राजधानी के जेजे कॉलोनी में बुधवार रात को पानी भर गया कि सड़कें नदी में तब्दील हो गई। इतना पानी भर गया कि लोग नाव चलाते नजर आए।
कॉलोनी नदी में तब्दील हुई
गली-रास्ते, चारों तरफ पानी ही पानी है। घर तक जाना भी मुश्किल हो गया है। दिल्ली के बवाना में पानी ने कब्जा कर लिया है। लोग रात को गहरी नींद में सो रहे थे और पानी उनके घरों की तरफ बढ़ रहा था। जब नींद खुली तो खुद को पानी के बीच में पाया।
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें दिख रहा है कि लोग बाढ़ के बीच सुरक्षित इलाकों की तरफ जा रहे हैं। रोड़ देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे कोई नदी हो। अचानक पानी आने से लोगों की परेशानी बढ़ गई हैं। घरों के अंदर तक पानी घुस गया है।
बैराज टूटने से आई तबाही
दिल्ली को हरियाणा से पानी देने वाली बवाना मुनक नहर में रात को बड़ा हादसा हो गया। जेजे कॉलोनी के पास की नहर की दीवार टूट गई। इसके बाद नहर का पानी कॉलोनियों में घुस गया।
नहर की दीवार टूटने से हादसा हुआ
रात करीब दो बजे नहर टूटने की जानकारी मिली। प्रशासन जब तक कोई ठोस कदम उठाता पानी कॉलोनी में दाखिल हो गया। हालांकि हरियाणा क्षेत्र में नहर का पानी रोक दिया गया। जहां नहर टूटी है वहां रिपेयरिंग का काम चल रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि मुनक शहर के बैराज से पानी गुरुवार सुबह जेजे कॉलोनी में घुस गया। अधिकारी ने कहा, ‘नहर के ओवरफ्लो होने के बाद एनडीआरएफ, बाढ़ नियंत्रण विभाग, लोक कल्याण विभाग और एमसीडी को सूचित किया।’