– अखिलेश ने कहा- UP को निवेश के नाम पर कुछ नहीं मिला।
– पीएम बनाने वाले उत्तर प्रदेश में किसानों के हाथ खाली रहे।
– बजट में युवाओं की पक्की नौकरी का एलान नहीं हुआ।
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट पेश हुआ। इस बजट में आंध्र प्रदेश और बिहार को मिले विशेष पैकेज ने सबका ध्यान खींचा। समाजवादी पार्टी के मुखिया व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बजट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि बजट में उत्तर प्रदेश को कुछ नहीं मिला है। उत्तर प्रदेश में विकास की योजनाएं अटकी हुई हैं। निवेश के नाम पर कुछ नहीं मिला है। इस सरकार के प्रोजक्ट समय पर पूरे होने का नाम नहीं लेते हैं।
बिहार और आंद्र प्रदेश को विशेष योजनाएं मिलने पर अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा दो दलों के सहारे टिकी हुई है। सरकार को बचाने के लिए बिहार और आंध्र प्रदेश की जरूरत है, इसलिए उनको विशेष योजनाएं दी गई हैं।
उत्तर प्रदेश को यह भूल गए हैं। उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री बनाता है, लेकिन वहां के लिए कोई विशेष घोषणा नहीं की गई है। वहां के किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया है।
युवाओं को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी
अखिलेश यादव ने कहा कि आप तीसरी बार केंद्र की सरकार में बैठे हैं। आपने लोगों को रोजगार देने के लिए क्या काम किया है। लोगों को पक्की सरकारी नौकरी मिले। ऐसा कोई प्रावधान बजट में नहीं दिखता है। हॉर्टिकल्चर क्रॉप्स के लिए एमएसपी का कोई वादा नहीं किया गया है।
किसानों के लिए नहीं कोई योजना
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए कोई काम नहीं किया है। वह सिर्फ हसीन सपने दिखाने का काम करते हैं। 10 में इनसे एक नई मंडी नहीं बनी है। ऐसे में किसानों के पास फसल लाने के लिए कोई जगह ही नहीं है।