– पुलिस जवान की गोली लगने से मौत।
– राइफल सफाई के दौरान मिस फायर हुआ।
– तीन दिन पहले छुट्टी से ड्यूटी पर लौटा था।
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में बुधवार को एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई, जब वह अपनी राइफल साफ कर रहा था। तभी गलती से गोली चल गई। मृतक कांस्टेबल प्रमोद सिंह (35) छिपादोहर पुलिस थाने के अंतर्गत करमडीह पिकेट में तैनात थे।
गोली की आवाज से कैंप में मची खलबली
पुलिस के मुताबिक राइफल सफाई के दौरान मिस फायर होने के कारण प्रमोद सिंह की मौत हो गई। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है। दरअसल, बुधवार को करमडीह पुलिस पिकेट में गोली चलने की आवाज से कैंप में खलबली मच गई। कुछ देर बाद पता चला कि पदस्थापित जवान प्रमोद सिंह की गोली लगने से जान चली गई।
रायफल की सफाई के दौरान चल गई गोली
घटना के बाद इलाके में अफवाह फैल गई कि जवान ने सुसाइड कर लिया। कैंप में अधिकारियों ने मामले की जांच की, जिसमें पता चला कि रायफल की सफाई के दौरान प्रमोद को गोली लग गई। डीआईजी वाईएस रमेश ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
मामले की छानबीन की जा रही है
इस मामले में लातेहार एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। मृतक कांस्टेबल प्रमोद सिंह के शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। अंजन ने कहा, ‘शुरुआती जांच में प्रतीत हो रहा है कि बंदूक की सफाई के दौरान मिस फायर हो जाने से जवान की मौत हुई है।’
बताया जा रहा है कि कांस्टेबल प्रमोश सिंह पलामू जिले के पोलपोल गांव के रहने वाले था। वह छुट्टी बिताने के बाद तीन दिन पहले ही ड्यूटी पर वापस लौटे।