America Helicopter Plane Crash: अमेरिका के राष्ट्रपति भवन ‘व्हाइट हाउस’ से चंद दूरी पर विमान और सैन्य हेलिकॉप्टर की टक्कर ने कई गंभीर सवाल पैदा कर दिए है। सोशल मीडिया पर विभिन्न एंगल पर लोग बात कर रहे हैं। कोई इसे आतंकी घटना बता रहा है। कोई इसे सैन्य हेलिकॉप्टर की ओर की गई गलती करार दे रहा है। इस बीच घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया TRUTH पर लिखा, “प्लेन एक तय रूटीन पर रनवे की तरफ बढ़ रहा था। लेकिन अचानक से हेलिकॉप्टर सीधे प्लेन की ओर जाने लगा। आसमान साफ था। प्लेन की लाइट्स भी ऑन थी। हेलिकॉप्टर ने अपने सामने प्लेन को देखकर रास्ता क्यों नहीं बदला? कंट्रोल टावर ने हेलिकॉप्टर पायलट को जानकारी क्यों नहीं दी कि सामने प्लेन है? इस अनहोनी को रोका जाना चाहिए था। अच्छा नहीं हुआ।“
कई लोगों की गई जान
बता दें, रिगन नेशनल एयरपोर्ट पर अमेरिकी सेना के ब्लैकहॉक हेलिकॉप्टर ने पीछे से अमेरिकन एयरलाइंस प्लेन को टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों ही नदी में जा गिरे। एयरलाइन की जानकारी के अनुसार, प्लेन में चार क्रू मेंबर्स सहित कुल 64 लोग सवार थे। घटना के बाद राहत बचाव कार्य में लगे कर्मियों ने 18 लोगों का शव बरामद किया है। अभी भी बड़े स्तर पर गायब लोगों को खोजा जा रहा है। गौरतलब है कि जिस सैन्य हेलिकॉप्टर ने टक्कर मारी थी, वो ट्रेनिंग फ्लाइट थी।
FBI मामले की करेगी जांच
इस घटना पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसलिए ये केस FBI के हाथों में दे दी गई है। FBI इस हादसे की जांच सभी संभावित एंगल से करेगी। इस बीच अमेरिकी गृह मंत्री ने कहा कि दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए तटरक्षक बल सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा है। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने बताया कि यह टक्कर पूर्वी मानक समयानुसार रात लगभग नौ बजे हुई, जब कंसास के विचिटा से उड़ान भरने वाला एक क्षेत्रीय विमान हवाई अड्डे के रनवे पर पहुंचते समय एक सैन्य ‘ब्लैकहॉक’ हेलीकॉप्टर से टकरा गया।