Amit Shah On Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। करीब एक हफ्ते बाद दिल्ली की जनता मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़े होकर सूबे का भविष्य तय करेगी। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को नई दिल्ली विधानसभा सीट पर जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह ने नई दिल्ली सीट की जनता से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा के लिए वोट मांगे। साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि 10 साल तक झूठ, फरेब और धोखाधड़ी करने वाली AAP-दा सरकार से इस बार मुक्ति पाने का समय है। आप प्रवेश वर्मा को जीता दो, केजरीवाल की सरकार अपनेआप बदल जाएगी। गौरतलब है कि इसी नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल भी चुनाव लड़ रहे हैं।
केजरीवाल पर जमकर साधा निशाना
अमित शाह ने कहा, “मैंने अपने जीवन में इतनी झूठ बोलने वाला, इतना धोखा देने वाला व्यक्ति (केजरीवाल जैसा) नहीं देखा। इन्होंने (केजरीवाल) कहा था, हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था, शीला दीक्षित जी को भ्रष्टाचार के लिए जेल में डालेंगे, लेकिन सीटें कम पड़ी तो सीधा कांग्रेस की गोदी में जाकर मुख्यमंत्री बन गए। इन्होंने अपने बच्चों की कसम खाई थी कि हम गाड़ी नहीं लेंगे, बंगला नहीं लेंगे, लेकिन इन्होंने अपने लिए 51 करोड़ रुपए का शीश महल बना लिया।“
गृह मंत्री ने आगे कहा, “इन्होंने कहा था कि हम यमुना को शुद्ध कर देंगे और यमुना में डुबकी लगाऊंगा, लेकिन उन्होंने आज तक डुबकी नहीं लगाई। चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल जैसी ओछी राजनीति दुनिया में कोई नहीं कर सकता। मैं आज ये कह कर जाता हूं कि 5 साल के अंदर यमुना जी पर साबरमती रिवर फ्रंट जैसा रिवर फ्रंट बनाने का काम करेंगे।“
आप सरकार पर साधा निशाना
अमित शाह ने कहा, इन्होंने (केजरीवाल) कहा था कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे, दिल्ली को शराब मुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन इन्होंने स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकानें खोल दी। इन्होंने 28,400 करोड़ रुपए का जल बोर्ड का घोटाला किया, 5,400 करोड़ रुपए का राशन वितरण का घोटाला किया, 4,500 करोड़ रुपए का डीटीसी बस की खरीदी में घोटाला किया, 1,300 करोड़ रुपए का क्लासरूम घोटाला किया, 500 करोड़ रुपए का बस में पैनिक बटन का घोटाला किया और 571 करोड़ रुपए का सीसीटीवी का घोटाला किया। इनके घोटाले की लिस्ट इतनी लंबी है कि मैं पूरा पढ़ने लगूं तो जल्दी खत्म नहीं होगा।“