रायबरेली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली की हरचंदपुर विधानसभा सीट पर बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पहले हमें लगता था कि चुनाव परिणाम में दाल में कुछ काला है पर महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव परिणाम देखने के बाद हमें वोट चोरी के ब्लैक एंड वाइट सबूत मिले।
उन्होंने कहा कि चुनाव चोरी किए जा रहे हैं। जनता से उनका हक छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं। हम सब संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। वहीं, प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हरचंदपुर में प्राथमिक विद्यालय के निकट पोस्टर बैनर के साथ राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए। इससे राजनीतिक गहमागहमी बढ़ गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और उद्यान मंत्री ने हाईवे पर खड़े होकर राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। उद्यान मंत्री ने पहली बार खुले तौर पर सांसद का विरोध किया है। ऐसे में 11 सितंबर को होने वाली दिशा की बैठक में गहमागहमी होने की संभावना बढ़ गई है। पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया तो इस दौरान उनसे भी भाजपा कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की हुई।