New Delhi : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को मुंबई में ‘लखपति दीदियों’ के साथ वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया। बैंकरों के साथ अपनी बैठक से पहले स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं के साथ बातचीत की।चौहान ने कहा, ‘आजमैंने मुंबई में ‘लखपति दीदियों’ के साथ मिलकर पेड़ लगाए। हमारे प्रधानमंत्री ने छह करोड़ लखपति दीदियां बनाने का संकल्प लिया है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब तक लगभग 3.5 करोड़ लखपति दीदियां बन चुकी हैं। हम छह करोड़ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।’
इसके साथ ही मंत्री ने माना कि कई औपचारिकताओं और लोन मिलने में होने वाली देरी के कारण महिलाओं को अक्सर बैंक लोन लेने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘बैंकर्स के साथ बैठक से पहले, आज मुंबई में एक बैठक तय की गई है; हमने तय किया कि सबसे पहले उन महिलाओं से बात की जाए जो स्वयं-सहायता समूहों (Self-Help Groups) में काम कर रही हैं। लखपति दीदी बनने के लिए अलग-अलग तरह के कारोबार शुरू कर रही हैं। हम उनकी मुश्किलों और चुनौतियों को समझना चाहते हैं।’

