नई दिल्ली। कांग्रेस ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया और 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए यूपीए सरकार पर किए गए उनके ही पुराने बयान की याद दिलाई।
सरकार पर निशाना साधते हुए जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, “डॉलर के मुकाबले रुपये का ‘फ्री फॉल’ जारी है। यह अब 90 रुपये प्रति डॉलर का स्तर पार करने वाला है।” उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री को जुलाई 2013 में दिया अपना बयान याद है, जिसके साथ उन्होंने उस समय का वीडियो भी साझा किया। उस वीडियो में मोदी ने कहा था, “देखिए रुपया कितनी तेजी से गिर रहा है। कभी-कभी लगता है कि रुपया और दिल्ली की सरकार में कोई मुकाबला चल रहा है कि किसकी इज्जत ज्यादा जल्दी गिरती है।”
बीते शुक्रवार को घरेलू मुद्रा में तीन वर्षों में एक दिन सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई, जब यह 98 पैसे लुढ़ककर 89.66 प्रति डॉलर पर बंद हुई। इससे पहले 24 फरवरी 2022 को रुपये में 99 पैसे की एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी।

