न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क शहर के अगले मेयर जोहरान ममदानी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने बताया कि प्रवासियों को अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) के एजेंटों से बात न करने या उनके आदेशों का पालन न करने का अधिकार है। यह वीडियो ऐसे समय में जारी किया गया है, जब आईसीई ने मैनहैटन में हाल ही छापेमारी की है।
उन्होंने कहा, आईसीई आपसे झूठ बोल सकता है, लेकिन आपको चुप रहने का अधिकार है। अगर आपको रोका जा रहा है, तो आप बार-बार पूछ सकते हैं- क्या मैं जा सकता हूं? जब तक वे जवाब न दें। ममदानी एक जनवरी को मेयर पद की शपथ लेंगे।उनकी यह टिप्पणी उस घटना के एक सप्ताह बाद आई, जब प्रदर्शनकारी चाइनाटाउन के पास कैनाल स्ट्रीट पर उस समय एकत्र हो गए थे। आईसीई एजेंट लोगों को हिरासत में लेने की कोशिश कर रहे थे। पिछले अक्तूबर में भी इसी इलाके में ऐसी ही कार्रवाई के दौरान विरोध प्रदर्शन हुआ था। ममदानी ने रविवार के वीडियो में कहा, न्यूयॉर्क हमेशा प्रवासियों का स्वागत करेगा और मैं हर दिन उनकी सुरक्षा, सहयोग और सम्मान के लिए लड़ता रहूंगा।
कुछ हफ्ते पहले ममदानी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी व्हाइट हाउस में बैठक की थी। ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में न्यू ऑरलियन्स सहित कई अमेरिकी शहरों में अवैध प्रवासियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की है।

